पाक सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल कमर जावेद बाजवा ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को घेरने वालों पर जवाबी हमला किया है। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान का काउंटर टेरर कैंपेन फेल हो गया होता तो पूरा क्षेत्र अस्थिर हो चुका होता।
बुधवार को रावलपिंडी में जनरल हेडक्वार्टर को दी गई स्पीच में बाजवा ने आतंकवाद पर पाकिस्तान का बचाव किया और डबल क्रॉसिंग के आरोपों को खारिज कर दिया। बाजवा ने कहा कि अगर पाकिस्तान ने आतंकवाद को रोकने के लिए कुछ नहीं किया है तो फिर विश्व के किसी देश ने इस दिशा में कोई काम नहीं किया है।
पढ़ें: अमेरिका ने पाकिस्तान को लगाई फटकार, कहा- आतंकी संगठनों पर नजरिया बदलें और कार्रवाई करें
बाजवा ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए दुनिया को बहुत कुछ करने की जरूरत है। आपको बता दें कि आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बहुत दबाव है। बाजवा ने आतंकवाद पर पाकिस्तान के ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि हम आतंकवाद से लड़ाई लड़ रहे हैं और हमने बाकी के देशों से ज्यादा लड़ाई लड़ी है।
बाजवा ने यह भी कहा कि अगर बाकी के देश आतंक को खत्म करने के लिए पाकिस्तान की मदद नहीं कर सकते तो उन्हें आरोप भी नहीं लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बात का श्रेय पाकिस्तान को जाता है कि उसने सीमित संसाधनों में आतंक के खिलाफ अभूतपूर्व सफलता पायी।
पढ़ें: पुलिस अगर इस शख्स की बात मान लेती तो न होते मुंबई बम बलास्ट
बाजवा ने यह भी कहा कि पाकिस्तान अपने पड़ोसी देश अफगानिस्तान के साथ स्थिति को संभालने के लिए अपनी क्षमता से ज्यादा प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमने बातचीत और शांति के लिए ईमानदारी से प्रयास किए हैं हालांकि, अफगानिस्तान एक स्वतंत्र देश है जो स्वतंत्र है और अपने फैसले लेता है।