भारत-पाक संबंधों के बीच बढ़ती तनातनी के बीच पाकिस्तानी वायुसेना के प्रमुख ने बयान दिया है कि उनके जवान दुश्मन देश की किसी भी कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं। उनका इशारा भारत की तरफ था। बता दें कि पाकिस्तानी मीडिया के एक हिस्से ने वीडियो दिखाते हुए इस बात का दावा किया था कि सियाचिन में पाक एयरफोर्स के विमानों ने उड़ान भरी, पर भारतीय सेना कुछ नहीं कर पाई। भारत ने पाक मीडिया के दावे को खारिज कर दिया था। इसी मुद्दे पर बात करते हुए पाक वायुसेना प्रमुख ने ये बयान दिया।
पाकिस्तानी वायुसेना के प्रमुख सोहैल अमन खान ने कहा कि दुश्मन की सेना सीमा पर कोई भी उकसावे वाले कदम उठाती है, तो पाकिस्तान की सेना मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार बैठी है। बता दें कि मंगलवार को भारतीय सेना ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि नौशेरा के पास सीमा पर उसने पाकिस्तानी पोस्ट को तबाह कर दिया है। सोहैल से इस मुद्दे पर भी सवाल पूछा गया था।
स्कर्दू के कादरी एयरबेस पर रहते हुए रेडियो पाकिस्तान से बात करते हुए एयर चीफ मार्शल सोहैल अमन ने कहा कि पाकिस्तान भारत के किसी भी बयान पर बिल्कुल भी चिंतित नहीं है। हम दुश्मन को हर क्षेत्र में करारा जबाब देंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें।
सोहैल स्कर्दू के कादरी एयरबेस पर पाकिस्तानी वायुसेना के अभ्यास के समय पहुंचे थे। उन्होंने यहां मिराज फाइटर जेट भी उड़ाया। जिस समय वो स्कर्दू में थे, उसी समय पाक मीडिया में खबर आई थी कि पाकिस्तानी जेट्स ने सियाचिन ग्लेशियर के पास उड़ान भरी थी।