पाकिस्तान अमेरिका से और एफ-16 लड़ाकू विमान हासिल करने की पुरजोर कोशिश कर रहा है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाक अमेरिका से 10 और एफ-16 लड़ाकू विमान खरीदने की फिराक में है।
साथ ही वह नए विमानों के लिए रूस और फ्रांस की ओर भी नजर गड़ाए हुए है। वह भारत की तरह अपने पुराने विमानों को नए विमानों से बदलना चाहता है। जेन्स डिफेंस वीकली की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका से मौजूदा करार के तहत आठ एफ-16 लड़ाकू विमान सफलतापूर्वक मिलने के बाद पाक 10 और लड़ाकू विमान खरीदने की मांग करेगा।
वहीं, अमेरिका की ओर से आठ लड़ाकू विमान को पाक को देने को लेकर भारत पहले ही एतराज जता चुका है। पाकिस्तानी अखबार डॉन ने जेन्स डिफेंस वीकली के हवाले से बताया कि पाकिस्तान नए 16सी/डी ब्लॉक 52 मल्टी-रोल फाइटर्स चाहता है, जो सटीकता से हमला करने में सक्षम हैं।
इससे रिहाइशी इलाकों में छिपने पर आतंकवादियों को सटीकता के साथ निशाना बनाया जा सकेगा, जिससे नागरिकों की जानमाल के नुकसान को कम किया जा सकेगा।