भारत के साथ सिंधु जल समझौते के परिपालन को लेकर पाकिस्तान अब अमेरिका की शरण में गया है। अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी द्वारा इस समस्या के लिए भारत-पाक से मैत्रीपूर्ण हल निकालने की अपील के बाद पाकिस्तान ने अमेरिका से इस मुद्दे पर समर्थन मांगा है।
विश्व बैंक द्वारा इस संबंध में मध्यस्थता रोकने के बाद अपने प्रयासों से थकने के बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ अपने मतभेद कम करने के लिए यह कदम उठाया है। पाक अखबार दि एक्सप्रेस ट्रिब्यून के मुताबिक पाक वित्त मंत्री इशाक दर के साथ जॉन केरी की फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने 1960 के इस समझौते में विश्व बैंक की भूमिका बताई।
केरी के फोन के बाद पाक में अमेरिकी राजदूत डेविड हेल ने भी पाक वित्तमंत्री से मुलाकात की। केरी ने दर को बताया कि विश्व बैंक अध्यक्ष ने उन्हें भी इस बारे में बताया है। पाक वित्तमंत्री ने बताया कि केरी ने उन्हें कहा कि अमेरिका इस मुद्दे का शांतिपूर्ण हल निकालने की कोशिश करेगा।