पाकिस्तान वायुसेना में बृहस्पतिवार को 16 मल्टी-रोल जेएफ-17 थंडर लड़ाकू विमानों को शामिल कर लिया गया। इन लड़ाकू विमानों को पाकिस्तान ने चीन के साथ मिलकर बनाया है। पाक पंजाब प्रांत के अटक इलाके के कामरा स्थित पाकिस्तान एयरोनौटिकल कंप्लेक्स में आयोजित समारोह में वायुसेना को जेएफ-17 थंडर लड़ाकू विमान सौंपे गए।
पाकिस्तानी रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इस दौरान आसिफ ने कहा कि उनका देश अपनी सरहद को किसी भी आक्रमण से सुरक्षा रखने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि चीन की मदद से देश में निर्मित इन लड़ाकू विमानों को पाकिस्तान वायुसेना के 14 स्क्वाड्रन में शामिल कर लिया गया है। ये पाक वायुसेना के सबसे अहम लड़ाकू विमान हैं।
इससे पहले पाक वायुसेना के पास इस श्रेणी के 70 से ज्यादा लड़ाकू विमान हैं। आसिफ ने कहा कि वायुसेना के भावी कार्यक्रमों को फंड देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पाकिस्तान शांति प्रिय देश है और पड़ोसियों समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ शांतिपूर्ण रिश्ते बनाए रखने का इच्छुक है।
हालांकि सरकार पाकिस्तान के राष्ट्रीय हित और अपनी सीमाओं की किसी भी आक्रमण से रक्षा के लिए दृढ़ संकल्प है। वहीं, पाक वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल सोहैल अमन ने कहा कि जेएफ-17 लड़ाकू विमान दुनिया के किसी भी देश के चौथी पीढ़ी के विमानों के समान सक्षम हैं।