पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ ने कश्मीर पर एक नई चाल चली है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए उन्होंने कश्मीर में सुरक्षाबलों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प में घायलों के इलाज करवाने की अनुमति मांगी। इसके साथ ही उन्होंने कश्मीर की आजादी की बात एक बार फिर दोहराई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए भारत को तैयार किया जाए।
नवाज शरीफ ने कहा कि कश्मीर में घायल लोगों के इलाज के लिए भारत, पाकिस्तान को अनुमति दे। उन्होंने कहा कि वह खासतौर पर पेलेट गन से घायल लोगों के इलाज में मदद करना चाहते हैं।
'द डॉन' की खबर के मुताबिक, शरीफ ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर कश्मीर में भेदभाव हो रहा है। वहीं, भारत की तरह से जो सुविधाएं दी जा रही है, वह कश्मीर तक पहुंच ही नहीं रही। भारतीय सेना अस्पतालों और एंबूलेंसो को भी निशाना बना रही है। इसे देखते हुए वह कश्मीर में घायल लोगों की जल्द से जल्द बेहतर इलाज चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि पेलेट गन की चोट से आंखों की रोशनी गंवा चुके लोग आजादी की रोशनी से अपने रास्तों पर चल रहे हैं। इसे देखते हुए वह पाकिस्तान को नैतिक, राजनीतिक और कूटनीतिक समर्थन देते रहेंगे।