पाकिस्तान में आम चुनाव के बाद मतगणना लगभग पूरी हो रही है। परिणामों से यह तय है कि नवाज़ शरीफ़ सत्ता में ज़ोरदार वापसी कर रहे हैं और उनकी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (पीएमएल-एन) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान की पार्टी हरीक़-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के बीच दूसरे स्थान के लिए काँटे की टक्कर हो रही है। इमरान खान जो कि चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे थे उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है।
परिणामों के बाद राजनीतिक हलचल LIVE: देखने के लिए क्लिक करें
नवाज़ शरीफ़ और इमरान ख़ान अपनी-अपनी सीटों से चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि इमरान खान को लाहौर की एक सीट पर हार का सामना करना पड़ा है।
नेशनल असेंबली की 272 सीटों के लिए हुए चुनाव में सीटों के परिणान मिलने आरंभ हो गए हैं। इनके मुताबिक़ पीएमएल (एन) सबसे आगे चल रही है। इमरान खान की पार्टी पीटीआई दूसरे स्थान और पीपीपी तीसरे स्थान पर चल रही है। हालांकि साधारण बहुमत किसी भी पार्टी को मिलता नहीं दिख रहा है।
इसके अलावा कई सीटों पर स्वतंत्र उम्मीदवार आगे चल रहे हैं, जबकि मुत्तहिदा क़ौमी मूवमेंट यानी एमक्यूएम भी सीटों कुछ सीटों पर आगे चल रही है।
पढें: नवाज़ शरीफ़: हार न मानने वाले राजनेता
मतगणना में मिली बढ़त को देखते हुए पीएमएमल (एन) नेता और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने लाहौर में अपनी पार्टी के मुख्यालय में जमा समर्थकों को संबोधित करते हुए अल्लाह का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा,'' अल्लाह ने एक बार फिर देश की सेवा करने का मौक़ा दिया है। हम सबको साथ लेकर चलेंगे।''
नवाज़ शरीफ़ ने कहा,''मैं सभी पार्टियों से अपील करता हूं कि वे मेरे साथ वार्ता करें और देश की समस्याओं का मिलकर समाधान करें।'' उन्होंने कहा,''चुनाव में जो कामयाबी हमें मिली है, उसमें सबकी भागीदारी है। हम अपने देश के लिए काम करेंगे। हमें जिसने भी बुरा-भला कहा है, मैं सबको माफ कर रहा हूं। इस देश की हालत को बदलना ही हमारी मुख्य योजना है। हमने अपने युवाओं से जो वादे किए हैं, हम सबको पूरा करेंगे।"
नवाज़ शरीफ़ के छोटे भाई और पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, '' हमारी पार्टी के प्रमुख नवाज़ शरीफ़ पाकिस्तान के अगले प्रधानमंत्री होंगे।''
पीएमएल (एन) पंजाब प्रांत की असेंबली चुनाव में भी बढ़त बनाए हुए है। शनिवार रात जैसे-जैसे चुनाव परिणाम आने लगे और पीएमएल की बढ़त मिलने लगी उसके कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। वे जश्न मना रहे थे और 'प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़' और 'शेर' के नारे लगा रहे थे। समर्थक अपने हाथों में पार्टी के चुनाव चिन्ह 'शेर' के खिलौने लिए हुए थे।
'पंजाबी प्रतिनिधि'
पीएमएल (एन) की जीत पर मुत्तहिदा क़ौमी मूवमेंट के नेता अल्ताफ़ हुसैन ने नवाज़ शरीफ़ को बधाई देते हुए कहा है कि नवाज़ शरीफ़ पंजाबी नेताओं के प्रतिनिधि के तौर पर उभर कर आए हैं। उन्होंने कहा कि बीस साल पहले पंजाबी समुदाय को लुभाने के लिए उन्होंने जिस नारे का इस्तेमाल किया था, आज नवाज़ शरीफ़ को उसी का फ़ायदा मिला है।
अल्ताफ़ हुसैन ने पंजाब के लोगों को भी बधाई दी और उम्मीद जताई कि सबसे बड़े प्रांत पंजाब के नेता नवाज़ शरीफ़ गैर-पंजाबी लोगों के साथ भी बराबरी का रिश्ता रखेंगे।
ऐतिहासिक चुनाव
पाकिस्तान में ऐसा पहली बार हो रहा है जब किसी चुनी हुई सरकार ने अपना कार्यकाल पूरा किया और उसके बाद वहां आम चुनाव हुए हों।
पाकिस्तान में लोगों ने आम चुनावों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इसलिए वोट डालने की अवधि एक घंटा बढ़ा दी गई।
मतदान खत्म होने के तुरंत बाद वोटों की गिनती का काम शुरू हो गया और पूरे परिणाम आने तक वोटों की गिनती लगातार जारी रहेगी।
हालांकि मतदान के दिन भी हिंसक वारदातें हुईं और कराची और पेशावर समेत कई-कई जगह बम धमाके हुए। कराची में हुए धमाकों में 11 लोगों की मौत हो गई। पाकिस्तानी तालिबान ने इन धमाकों की ज़िम्मेदारी ली है।
नैशनल असेंबली यानी कि संसद के साथ-साथ चार प्रांतों की असेंबलियों के लिए वोट भी पड़े और वहां भी वोटों की गिनती जारी है।
सिंध प्रांत में पीपीपी, पंजाब में पीएमएल (एन) और खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत में इमरान खान की पार्टी पीटीआई आगे चल रही है।