प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने शनिवार को कहा कि अगर नई दिल्ली कश्मीर मसले का समाधान करने को तैयार है तो पाकिस्तान भारत के साथ वार्ता को तैयार है। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अशांति का मुख्य कारण कश्मीर मुद्दा है।
शरीफ ने यह बात अजरबैजान के बाकू में संवाददाताओं से बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने लंबित मुद्दों पर चर्चा के लिए पेशकश की थी लेकिन भारत ने जवाब नहीं दिया। शरीफ अजरबैजान के तीन दिन के दौरे पर हैं।
बकौल शरीफ, ‘क्षेत्र में अशांति का मुख्य कारण कश्मीर है और मुद्दे के समाधान के लिए भारत को गंभीरता अवश्य दिखानी चाहिए। पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे के शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।’ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भारत के आरोपों को खारिज कर दिया कि जम्मू एंड कश्मीर के उड़ी में भारतीय सैन्य शिविर पर हमले में पाकिस्तान का हाथ है।
शरीफ ने कहा कि घटना के छह घंटे के भीतर भारत ने पाकिस्तान पर आरोप लगा दिए। नियंत्रण रेखा के पार कोई घुसपैठ नहीं हुई। सनद रहे कि पिछले महीने हुए उड़ी हमले में 19 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे।