पाकिस्तान सरकार और सेना के बीच टकराव की पोल खोलने वाले जानेमाने पत्रकार के देश छोड़ने पर पाबंदी लगा दी गई है। पाक अखबार ‘डॉन’ के पत्रकार सीरिल अल्मीडा ने अपनी रिपोर्ट में एक महत्वपूर्ण बैठक का जिक्र किया था जिसमें नवाज शरीफ सरकार और सेना प्रमुख राहील शरीफ के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए थे।
अब पाक सरकार ने इस पत्रकार पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस बैठक में आईएसआई को कहा गया था कि आतंकी समूहों को उसके समर्थन के कारण पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ता जा रहा है।
डॉन के स्तंभकार और संवाददाता सीरिल अल्मीडा ने ट्वीट करके कहा कि उन्हें ‘एग्जिट कंट्रोल लिस्ट’ में रखा गया है। इसके तहत सूची में शामिल लोगों के देश छोड़ने पर रोक लग जाती है। अल्मीडा ने ट्वीट किया, ‘उलझन में हूं, दुखी हूं। कहीं जाने का कोई इरादा नहीं था। यह मेरा घर है। पाकिस्तान।’ अल्मीडा ने एक सप्ताह पहले ही यह खबर लिखी थी, जो डॉन में पहले पन्ने पर प्रकाशित हुई। उन्होंने लिखा था कि पाक सरकार और सेना के बीच दरार की वजह वे आतंकी समूह हैं, जो पाकिस्तान से संचालित होते हैं और भारत व अफगानिस्तान में हमले करते रहते हैं।