तालिबान के प्रवक्ता हकीमुल्लाह महसूद ने बीबीसी उर्दू को भेजे गए एक ऑडियो संदेश में कहा है कि पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई आम शहरियों पर हमले कर उसका आरोप तालिबान के सर मढ़ रही है। ईद के मौक़े पर भेजे गए ऑडियो संदेश में कहा गया है कि ऐसा तालिबान को बदनाम करने की ग़र्ज़ से किया जा रहा है।
हकीमुल्लाह महसूद ने मीडिया से अपील की है कि किसी मामले को उनके सर थोपने से पहले उनके बयान का इंतज़ार किया जाए। टेप में पाकिस्तानी हुकूमत से भी नाराज़गी का इजहार किया गया है।
ज़हरीला प्रचार
कहा गया है कि 'किसी भी मामूली से वाक़्ये को इस तरह बढ़ा-चढ़ा कर पेश' किया जाता है ताकि कथित चरमपंथियों के ख़िलाफ़ 'ज़हरीले' क़िस्म का प्रोपगैंडा फैलाया जा रहा है। हकीमुल्लाह महसूद का मानना है कि मुस्लिम दुनियां इतिहास के कठिन दौर से गुज़र रही है। उनका कहना है कि पश्चिमी मुल्क कभी इस्लाम विरोधी कार्टूनों और कभी फ़िल्मों की आड़ में मुसलमानों को उकसाने की कोशिश में लगे हैं।