पाकिस्तान में गुरुवार को होने वाले सरकार विरोधी प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा की जोरदार तैयारियां की गई हैं। बड़े पैमाने पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है और जगह-जगह बैरीकेडिंग की गई है।
प्रदर्शन का आह्वान विपक्षी नेता इमरान खान ने किया है। इमरान खान का कहना है कि मौजूदा सरकार पिछले साल हुए चुनाव में धांधली की जांच कराने में नाकाम रही है इसलिए उसे इस्तीफा दे देना चाहिए।
वहीं सरकार विरोधी धार्मिक नेता तहीरुल कादरी ने भी एक रैली आयोजित की है।
सरकार ने इन प्रदर्शनों की ये कहकर आलोचना की है कि ये लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है।
हालांकि एक दिन पहले ही सरकार ने पिछले साल हुए चुनाव में धांधली के कथित आरोपों की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग का गठन किया है। लेकिन इस आयोग के गठन को इमरान खान ने ख़ारिज कर दिया है।
लाहौर से इस्लामाबाद तक होने वाले मार्च का नेतृत्व कर रहे इमरान ख़ान का कहना है कि अब तो सिर्फ प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ का इस्तीफ़ा ही रैली को रोक सकता है।