पाकिस्तान के राष्ट्रपति ममनून हुसैन के स्वतंत्रता दिवस संबोधन में हाल में संपन्न हुए आम चुनावों में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर चिंता साफ नजर आई। उन्होंने अपने संबोधन में न सिर्फ यह मुद्दा उठाया बल्कि यह भी कहा कि इन आरोपों की जांच की जानी चाहिए। हुसैन ने कहा कि चुनाव आयोग को प्रमुख राजनीतिक दलों की शिकायत पर गौर करना चाहिए, जो चुनावों में गड़बड़ी होने के आरोप लगा रहे हैं।
जिन्ना कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 72वें स्वतंत्रता दिवस के समारोह के दौरान हुसैन ने कहा कि देश के लिए राष्ट्र की संस्थाओं को मजबूत और स्वतंत्र बनाना बेहद महत्वपूर्ण है। हुसैन ने कहा कि ये चुनाव निर्वाचन आयोग को और शक्तिशाली व स्वतंत्र बनाने के लिए पिछली सरकार के दौर में बनाए गए नए कानून के तहत आयोजित किए गए।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए देश एकजुट है। बता दें कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने सोमवार को आरोप लगाया था कि 25 जुलाई को हुए चुनावों में ऐतिहासिक गड़बड़ी की गई।