खुफिया सूत्रों से ख़बर मिली है कि पाकिस्तान के कबाइली इलाक़े उत्तरी वजीरिस्तान में एक अमरीकी ड्रोन हमले में तहरीक-ए-तालिबान के कमांडर हकीमुल्ला महसूद को निशाना बनाया गया है।
इस हमले में पांच लोगों के मारे जाने की खबर है।
सरकारी मीडिया के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री चौधरी निसार ने हमले के बाद की स्थिति पर प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ से बात की है और वे विभिन्न राजनीतिक दलों के संपर्क में हैं।
बीबीसी के स्थानीय सूत्रों के अनुसार इस ड्रोन हमले में कमांडर महसूद समेत पाँच लोगों की मौत हुई है। हालाँकि अभी तक तालिबान की ओर से मारे गए लोगों की पहचान के बारे में कोई बयान नहीं आया है।
सूत्रों के मुताबिक उत्तरी वजीरिस्तान के मीरानशाह के पास दांडी दरपा खील क्षेत्र में एक कार और मकान को ड्रोन हमले में निशाना बनाया गया।
सूत्रों के मुताबिक ड्रोन हमले में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के प्रमुख हकीमउल्ला महसूद के दो सुरक्षा गॉर्ड तारिक़ महसूद और अब्दुल्ला मारे गए हैं। सूत्रों के मुताबिक जिस इमारत को निशाना बनाया गया है वो प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान के प्रमुख हकीमउल्ला महसूद का मकान था।
इसी के अलावा गाड़ी को मकान के क़रीब ही ड्रोन हमले में निशाना बनाया गया। जानकारी के मुताबिक ये गाड़ी भी हकीमउल्ला महसूद के इस्तेमाल की गाड़ी थी।
वार्ता
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री चौधरी निसार अली ख़ान ने इस ड्रोन हमले की आलोचना करते हुए कहा है कि शनिवार को शांति वार्ता के सिलसिले में तालिबान के पास एक प्रतिनिधिमंडल भेजा जाना था।
ये ड्रोन हमला ऐसे वक़्त हुआ है जब एक दिन पहले ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने कहा था कि पाकिस्तान तालिबान से बातचीत की शुरुआत हो चुकी है जबकि शुक्रवार को ही तहरीक-ए-तालिबान के प्रवक्ता शाहिदुल्लाह शाहिद ने बातचीत शुरू होने से इंकार करते हुए कहा था कि अभी तक सरकार की ओर से उनसे कोई बातचीत नहीं की गई है।
बुद्धवार और जुमेरात की दरमियानी रात को मीरानशाह ही में एक मकान पर ड्रोन हमला किया गया था। लेकिन प्रशासन के सूत्रों का कहना था कि यह मकान खाली था।
हालाँकि सरकारी मीडिया का कहना था कि उस ड्रोन हमले में भी कम से तीन लोगों की मौत हुई थी।