पाकिस्तान के अशांत उत्तर पश्चिमी क्षेत्र कुर्रम एजेंसी में भीड़भाड़ वाली सब्जी मंडी में शनिवार को एक भीषण विस्फोट हुआ। इसमें कम से कम 25 लोग मारे गए और करीब 50 अन्य घायल हो गए। तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान के प्रवक्ता उमर खुरासानी ने पराचिनार विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। उसने कहा कि विस्फोट लश्कर ए झांग्वी प्रमुख आसिफ छोटू और तीन अन्य की मुठभेड़ में हत्या का बदला लेने के लिए किया गया। गृहमंत्री चौधरी निसार अली खान ने विस्फोट की निंदा की और घटना से संबंधित विस्तृत जांच का आदेश दिया।
अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट अफगान सीमा के पास स्थित कुर्रम एजेंसी इलाके में ईदगाह बाजार स्थित भीड़भाड़ वाली सब्जी मंडी में हुआ। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि विस्फोटक को सब्जी के टोकरे में छिपाया गया था। सब्जियों की बिक्री के दौरान इसमें विस्फोट हो गया जिससे 25 लोग मारे गए और 50 अन्य घायल हो गए। घायलों को पराचिनार मुख्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों और मेडिकल सुविधाओं की कमी है।
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) द्वारा जारी एक बयान में बताया गया कि सब्जी मंडी में सुबह 8:50 बजे आईईडी विस्फोट हुआ। घायलों को मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सेना का हेलीकॉप्टर रवाना किया गया। अधिकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि सुबह के समय सब्जी मंडी में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। एक शिया राजनीतिक संगठन मुत्ताहीदा मजलिस ए वहादत ए मुसलमीन ने विस्फोट पर तीन के शोक की घोषणा की है।