पूर्व पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों में पाकिस्तान की एक भ्रष्टाचार निरोधी अदालत के सामने मंगलवार को चार और गवाहों ने अपने बयान दर्ज कराए। इसके साथ ही 67 वर्षीय शरीफ भी अपनी बेटी मरियम नवाज और दामाद मोहम्मद सफदर के साथ अदालत में पेश हुए।
इसके बाद कोर्ट ने 16 जनवरी तक सुनवाई टाल दी। बता दें कि पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट द्वारा 28 जुलाई को सुनाए गए फैसले के बाद आठ सितंबर को शरीफ के खिलाफ भ्रष्टाचार के तीन मामले दर्ज किए गए थे। ये तीनों मामले अल-अजीजिया स्टील मिल्स, फ्लैगशिप इंवेस्टमेंट लिमिटेड समेत कई कंपनियों और लंदन के एवेनफील्ड में खरीदी गई संपत्तियों से जुड़े हुए हैं। इसी फैसले में पाक सर्वोच्च न्यायालय ने शरीफ को प्रधानमंत्री पद के लिए अयोग्य भी करार दिया गया था और राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले दर्ज करने के आदेश दिए थे।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में शरीफ और उनका परिवार विदेश में अघोषित संपत्ति रखने के आरोपों का सामना कर रहा है। उक्त तीनों मामलों में शरीफ के बेटों को भी आरोपी बनाया गया है। हालांकि उनकी बेटी मरियम नवाज और दामाद मोहम्मद सफदर केवल एवेनफील्ड भ्रष्टाचार मामले में ही आरोपी बनाए गए हैं।
इससे देश के सबसे ताकतवर राजनीतिक परिवार और सत्तारूढ़ पीएमएल-एन पार्टी का नेतृत्व करने वाले शरीफ का राजनीतिक भविष्य दांव पर लगा हुआ है। यदि वह दोषी साबित होते हैं तो उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। शरीफ परिवार का आरोप है कि यह मामले राजनीति से प्रेरित हैं।