पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद का दबे पांव समर्थन करने वाला चीन इन दिनों डरा हुआ है। चीन को डर है कि पाकिस्तान में मौजूद कुछ आतंकी संगठन उसके राजदूत की हत्या कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने पाकिस्तान से अपने नए राजदूत की सुरक्षा बढ़ाने को कहा है।
चीन को डर है कि इस्लामाबाद में नियुक्त उनके नए राजदूत को आतंकी संगठन निशाना बना सकते हैं। चीनी दूतावास ने 19 अक्तूबर को एक पत्र लिखकर राजदूत की सुरक्षा बढ़ाने को कहा है। दूतावास के मुताबिक पाकिस्तान में बैन आतंकी संगठन पूर्वी तुर्किस्तान इस्लामिक मूवमेंट (ईटीआईएम) चीनी राजदूत की हत्या कर सकते हैं।
इस आतंकी संगठन को चीन और पाकिस्तान की सीमा से लगे मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र झिंजियांग से ऑपरेट किया जाता है।
पढ़ें: चीनी अधिकारी का दावा- राष्ट्रपति जिनपिंग ने नाकाम की थी तख्तापलट की कोशिश
साथ ही इस पत्र में पाकिस्तान में काम कर रहे चीनी लोगों की सुरक्षा बढ़ाने की बात कही गई है। चीन ने हाल में ही याओ जिंग को पाकिस्तान में अपना राजदूत नियुक्त किया है। इससे पहले वह अफगानिस्तान में चीन के राजदूत थे।
हालांकि पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री और चीनी राजदूत दोनों ने ही इस बात पर कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान में काम कर रहे चीनी अधिकारियों की सुरक्षा एक प्रमुख मुद्दा है। पाक में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर काम करने वाले चीनी अधिकारियों को पाकिस्तानी सेना ने सुरक्षा प्रदान कर रखी है।