पूर्वी पाकिस्तान में शनिवार सुबह एक स्कूल बस का गैस सिलेंडर फट जाने से कम से कम 17 बच्चे जलकर मर गए। बस का सिलेंडर फटने से आग लग गई।
इस घटना में घायल सात से ज़्यादा बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। यह घटना गुज़रात शहर के बाहरी इलाके में हुई। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से 200 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में गुज़रात मौज़ूद है।
पुलिस का हवाला देते हुए स्थानीय मीडिया का कहना है कि इस धमाके में बस ड्राइवर बच गया है।
समाचार एजेंसी एएफ़पी ने एक स्थानीय पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि गाड़ी में आग उस समय लगी जब बच्चे स्कूल से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर थे।
बस में 23 से 25 लोग सवार थे जिनमें अधिकांश स्कूली बच्चे थे।
दुर्घटना की खबर मिलने के बाद बचावकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया।
बच्चों के शव और घायलों को गुजरात के अस्पताल ले जाया गया।
पाकिस्तान में लाखों वाहनों में सीएनजी का इस्तेमाल किया जाता है क्योंकि यह डीज़ल और पेट्रोल के मुक़ाबले सस्ती पड़ती है। सीएनजी की वजह से पाकिस्तान में पहले भी कई दफा ऐसी दुर्घटनाएं हुई हैं।