पाकिस्तान के कबायली इलाके कुर्रम एजेंसी में एक भीड़ वाले बाजार में हुए धमाके में कम से कम 15 लोग मारे गए हैं। अधिकारियों के अनुसार पाराचिनार में कपड़ों के एक बाजार में हुए इस धमाके में 40 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं। रिपोर्टों में कहा गया है कि धमाके के सिलसिले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
पाराचिनार अफगान सीमा के करीब है और वहां रहने वाले ज्यादातर शिया हैं। लेकिन इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में अलग-अलग समुदायों के लोग रहते हैं और वहां शिया और सुन्नी समुदाय के बीच शांति कायम करने की कोशिशें आम तौर पर नाकाम साबित हुई हैं।
कुर्रम उत्तरी वजीरिस्तान के करीब है, जहां डेढ़ साल से तालिबान चरमपंथियों के खिलाफ पाकिस्तान सेना का अभियान जारी है। इस अभियान के चलते पाकिस्तान में हिंसक वारदातों में कमी आई है।