पाकिस्तान में पुलिस के अनुसार दक्षिणी पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में गुरूवार की शाम हुए दो बम धमाकों में कम से कम 69 लोगों की मौत हुई है और सौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक़ ज़्यादातर लोगों की मौत दूसरे धमाके में हुई क्योंकि पहले धमाके के बाद पुलिस और मीडिया के लोग वहां पहुंचे थे।
बलूचिस्तान पुलिस के प्रवक्ता डीआईजी अहमद शकील ने बीबीसी से बातचीत के दौरान इस बात की पुष्टि कर दी है कि गुरूवार शाम क्वेटा शहर के अलमदार रोड पर होने वाले दो बम धमाकों में 69 लोग मारे गए हैं जबकि 160 से ज़्यादा लोग ज़ख़्मी हुए हैं।
डीआईजी शकील के अनुसार गुरूवार को ही दोपहर बाद क्वेटा में एक और बम धमाका हुआ था जिसमें 12 लोग मारे गए थे और 34 ज़ख़्मी हुए थे।
यूनाईटेड बलूच आर्मी
बलूचिस्तान में सक्रिय एक चरमपंथी संगठन 'यूनाईटेड बलूच आर्मी' ने हमले की ज़िम्मेदारी क़बूल की है। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक लंबे समय से अलगाववादी संगठन सक्रिय हैं जहां सुन्नी और शिया समुदायों के बीच भी हिंसक वारदातें होती रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक़ गुरूवार देर शाम होने वाले धमाके भी शिया बहुत इलाक़े में हुए हैं और मरने वालों में ज़्यादातर लोग शिया समुदाय के हैं।
पुलिस के अनुसार शाम को होने वाला धमाका अलमदार रोड पर स्थित एक स्नूकर क्लब में हुआ था और ये धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसके कारण तीन मंज़िला इमारत पूरी तरह से ध्वस्त हो गई।
धमाके के बाद आस-पास के इलाक़े की बिजली भी गुल हो गई जिसके कारण लोगों की दिक़्क़तों में और इज़ाफ़ा हो गया।
शाम को हुए धमाके में एक पुलिस डीएसपी मुजाहिद हुसैन और एक थाना प्रभारी ज़फ़र भी मारे गए हैं जबकि पुलिस अधीक्षक ख़ालिद मसूद समेत कई पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हैं जिनमें कई लोगों की हालत बहुत ही नाज़ुक़ है।
इससे पहले बलूचिस्तान के गृह सचिव अकबर हुसैन दुर्रानी ने बीबीसी से बातचीत के दौरान कहा कि पहले धमाके के बाद जब बचावकर्मी और मीडिया के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो उसके बाद एक और धमाका हुआ जिसमें कई लोग मारे गए।
मारे जाने वालों में एक निजी चैनल के कैमरामैन इमरान शेख़ और एक समाचार एजेंसी के कैमरामैन इक़बाल भी शामिल हैं जबकि कई संवाददाता भी घायल हुए हैं।