पूर्व क्रिकेटर और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के नेता इमरान खान की तीसरी शादी की झूठी खबर चलाने का खामियाजा 13 चैनलों को भुगतना पड़ेगा। पाकिस्तान में इलैक्ट्रोनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण (पीईएमआरए) ने झूठी खबर के लिए इन चैनलों पर 5-5 रुपए का जुर्माना ठोंका है। इन चैनलों ने बीती 13 जुलाई को इमरान खान की लंदन में तीसरी शादी की खबरें चलाई थीं। इमरान की पार्टी के इस बारे में विरोध करने पर भी चैनलों ने झूठी खबर प्रसारित की। इस पर पार्टी ने पीईएमआरए में झूठी खबर दिखाने वाले चैनलों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में पार्टी ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी।
उधर पीईएमआरए ने माना कि चैनलों का काम बुनियादी सिद्धातों के खिलाफ था। आखिरकार 27 अगस्त को प्राधिकरण की ओर से 13 चैनलों के खिलाफ जुर्माना ठोका गया। प्राधिकरण की ओर से कहा गया कि जुर्माना नहीं भरने की सूरत में चैनलों का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। प्राधिकरण ने कहा कि आरोपी चैनलों को सजा देना इसलिए जरूरी है कि ताकि आगे से टीवी चैनल पत्रकारिता के मानकों और आचार संहिता का उल्लंघन न करें।
जिन चैनलों पर जुर्माना लगाया गया है, उनमें दुनिया न्यूज, जिओ न्यूज, नियो न्यूज, रॉयल न्यूज, खैबर न्यूज, चैनल-24, चैनल-92, न्यूजवन, सच टीवी, रोजे न्यूज, चैनल-5 और जिओ तेज टीवी चैनल शामिल हैं। हालांकि 26 अगस्त को इमरान की पार्टी ने दुनिया न्यूज को छोड़कर बाकी चैनलों के खिलाफ की गई शिकायत वापस ले ली थी, लेकिन प्राधिकरण ने एक बार शिकायत होने पर चैनलों के खिलाफ कोई नरमी नहीं दिखाई और सजा का ऐलान किया।