पाकिस्तान में अफगान सीमा से लगे कबायली इलाके में एक जोरदार धमाके में कम से कम दस लोगों के मरने की खबर है। पाकिस्तानी अधिकारियों का कहना है कि धमाके में कम से कम बीस लोग घायल भी हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक ये धमाका खैबर इलाके में जमरूद शहर के पास एक भीड़-भाड़ वाले इलाके में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जमरूद शहर की एक बाजार में एक कार बम के फटने से ये धमाका हुआ। हालांकि कुछ रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि ये धमाका कुछ सरकारी दफ्तरों के करीब हुआ है।
घायल
घायलों को पेशावर के पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की ज़िम्मेदारी फ़िलहाल किसी संगठन ने नहीं ली है।
अभी दो दिन पहले ही जमरूद से दस किलोमीटर पूर्व में पेशावर हवाई अड्डे पर सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच घंटों लड़ाई हुई थी जिसमें कई लोग मारे गए थे।
इस संघर्ष में कम से कम दस चरमपंथी मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर उज़बेक लड़ाके थे। इन हमलों की जिम्मेदारी पाकिस्तानी तालिबान ने ली थी।