पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को राजनयिक पहुंच देने के मुद्दे पर विवाद थम गया है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने बताया कि जाधव को आज यानी सोमवार को राजनयिक पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। पाक विदेश मंत्रालय ने कहा कि राजनयिक संबंधों पर वियना संधि, अंतरराष्ट्रीय अदालय (आईसीजे) के निर्णय और पाकिस्तान के कानूनों के आधार पर यह फैसला लिया गया है।
पाकिस्तान जाधव को राजनयिक पहुंच देने से हमेशा इनकार करता रहा है। भारत हर बार विएना संधि का हवाला देकर अपने नागरिक से मुलाकात की अपील करता रहा लेकिन पाक उसे ठुकराता रहा। अंतरराष्ट्रीय दबाव में उसने जाधव की उनकी मां और पत्नी से मुलाकात कराई थी लेकिन इसका भी उसने तमाशा बना दिया था जिसकी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तर पर काफी आलोचना हुई थी।