इस्राइल की सेना ने सोमवार को बताया कि ईरान ने 100 से ज्यादा ड्रोन्स से इस्राइल पर हमला किया था, लेकिन इस्राइल के एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें इंटरसेप्ट कर लिया। इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई को अंडरग्राउंड बंकर में ले जाया गया है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के सैन्य बलों के एक शीर्ष अधिकारी ने दावा किया है कि अगर इस्राइल ईरान पर परमाणु हमला करता है तो पाकिस्तान उस पर परमाणु बम बरसाएगा। जनरल मोहसेन रेजा की यह टिप्पणी ईरान के सरकारी टेलीविजन पर एक साक्षात्कार के दौरान आई। बीते कुछ दिनों से ईरान और इस्राइल एक-दूसरे पर मिसाइल हमले कर रहे हैं।
विज्ञापन
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी और ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सदस्य रेजाई ने कहा, 'पाकिस्तान ने हमें आश्वासन दिया है कि अगर इस्राइल ईरान पर परमाणु बम का इस्तेमाल करता है, तो वे इस्राइल पर परमाणु बम से हमला करेंगे।' परमाणु हथियारों को खत्म करने के लिए अंतरराष्ट्रीय अभियान आईसीएएन के मुताबिक, इस्राइल और पाकिस्तान उन नौ देशों में शामिल हैं, जिनके पास वर्तमान में परमाणु हथियार हैं।
'पाकिस्तान ने ईरान के साथ खड़े होने का वादा किया'
रेजाई ने आगे कहा कि पाकिस्तान ने ईरान के साथ खड़े होने का वादा किया है। उन्होंने मुस्लिम देशों को एकजुट होने का आह्वान भी किया। उन्होंने दावा किया कि तेहरान के पास छिपी हुई क्षमताएं हैं, जिन्हें अभी तक उजागर नहीं किया गया है।
विज्ञापन
पाकिस्तान की ओर से अब तक कोई टिप्पणी नहीं
इस्राइल के खिलाफ परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर पाकिस्तान की ओर से अब तक कोई टिप्पणी नहीं की गई है, लेकिन उसने इस्राइल के खिलाफ लड़ाई में ईरान का समर्थन किया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पिछले सप्ताह कहा था कि हम हर तरह से ईरान के साथ खड़े हैं। हम ईरानी हितों की रक्षा करेंगे।
डोनाल्ड ट्रंप ने किया समझौते का दावा
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वह पश्चिम एशिया में दो युद्धरत देशों के बीच एक समझौते पर काम करने की कोशिश कर रहे हैं।