पाकिस्तान करतारपुर में गुरुद्वारा साहिब के लिए तीन एकड़ नहीं बल्कि 42 एकड़ जमीन आवंटित करेगा। द् न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के गवर्नर चौधरी मोहम्मद सरवर ने मंगलवार को करतारपुर में गुरुद्वारा दरबार साहिब के लिए जमीन आवंटन 14 गुना बढ़ाकर 42 एकड़ करने की घोषणा की।
परियोजना पर कार्य की रफ्तार की समीक्षा के लिए गलियारे का दौरा करने के दौरान सरवर ने कहा, हम दुनियाभर के सिख भाइयों को यह संदेश देना चाहते हैं कि गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर के लिए जमीन में कटौती नहीं होगी। इसकी बजाय, गुरुद्वारा के लिए 42 एकड़ जमीन और खेती के लिए 62 एकड़ जमीन आवंटित की जा रही है। इस तरह गुरुद्वारा दरबार साहिब के लिए कुल 104 एकड़ जमीन दी जाएगी ।
धार्मिक पर्यटन और धरोहर के लिए कमेटी के प्रमुख गवर्नर ने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर के लिए कुल 408 एकड़ जमीन दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए गलियारे का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। साथ ही उम्मीद है कि इस साल गुरु नानक की 550 वीं जयंती के पहले इसे पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गलियारे के शुभारंभ समारोह में शिरकत करेंगे ।
अमेरिका ने किया स्वागत
अमेरिका ने भारत और पाकिस्तान के बीच करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण का स्वागत किया है। अमेरिका ने माना कि गुरुद्वारा दरबार साहिब जाने के लिए भारत से सिख तीर्थयात्रियों की वीजा मुक्त यात्रा की सुविधा दोनों देशों के रिश्तों के लिए काफी अहम साबित होगी। अमेरिकी विभाग की प्रवक्ता मॉर्गन ऑर्टागसल ने कहा कि हम इस कदम की सराहना करते हैं। जो कुछ भी भारत और पाकिस्तान के लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने का काम करेगा, हम उसका समर्थन करते हैं।