पाकिस्तान के मनसेहरा गांव के लोगों ने प्रशासन पर फ्री में राशन बांटने के दौरान धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार जरूरतमंद परिवारों के लिए आटे को मुफ्त में बंटवाती है, लेकिन कुछ लोग गलत तरीके से इसे बांट रहे हैं।
400 परिवारों के लोगों को नहीं मिल रहा आटा
जुल्लो गांव परिषद के मौलाना वकार अहमद ने कहा कि कुछ लोग जिला प्रशासन के आटा वितरकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसकी वजह से गांव के 400 परिवारों को उनका राशन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जब लोग अपने हक का राशन लेने पहुंचे तो वहां मौजूद आटा वितरकों ने यह करकर मना कर दिया कि उनके बैग पहले ही ले जाए जा चुके हैं। अहमद ने कहा कि जुल्लो, बोहराज, बसुंद और आसपास के इलाकों में ज्यादातर लोगों को उनका राशन नहीं मिल पा रहा है।
एक अप्रैल को हुई थी भगदड़ की घटना
गौरतलब है, इससे पहले एक अप्रैल को पाकिस्तान के कराची में फ्री राशन को लेकर भगदड़ मच गई थी। इस भगदड़ में मरने वालों की संख्या 12 बताई गई थी। इसमें 9 महिलाएं शामिल थीं। दरअसल, पाकिस्तान के सिंध प्रांत के कराची के नॉरिस चौरंगी में रंगाई कारखाने में गरीबों को फ्री का राशन बांटा जा रहा था। इसी दौरान भगदड़ मच गई थी। इसमें दर्जन भर लोगों की मौत और कई लोग घायल हो गए थे।