पाकिस्तान के विदेश सचिव सोहेल महमूद
- फोटो : फाइल
भारत के साथ लगातार विवादों को जन्म देने वाला पाकिस्तान अब इन्हें लेकर भारत के सख्त रुख को देख कर अमेरिका के आगे हाथ जोड़ रहा है। पाकिस्तान ने अमेरिका से भारत के साथ तनाव को कम करने के लिए अमेरिका से दखल देने का अनुरोध किया है। यह मांग पाक विदेश सचिव सोहेल महमूद ने यूएस अंडर सेक्रेटरी ऑफ स्टेट फॉर पॉलिटिकल अफेयर्स डेविड हेल के साथ वर्चुअल संवाद के दौरान की।
जानकारी के अनुसार इस वार्ता के दौरान महमूद ने कहा, 'तनाव को रोकने और जम्मू-कश्मीर विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की सुविधा के लिए कदम उठाना अनिवार्य था।' बता दें कि जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर दोनों देशों के बीच तनाव पिछले साल से काफी बढ़ गया है जब भारत सरकार ने राज्य को विशेषाधिकार देने वाले अनुच्छेद 370 को हटा दिया था और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को केंद्रशासित प्रदेश घोषित कर दिया था।
भारत पर लगाया मानवाधिकारों का उल्लंन करने का आरोप
पाक विदेश सचिव ने वार्ता के दौरान कहा, 'जम्मू-कश्मीर में भारत की निरंतर बढ़ती सैन्य घेराबंदी और पाकिस्तान के खिलाफ उसकी आक्रामक मुद्रा शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है।' इस दौरान उन्होंने भारत पर जम्मू-कश्मीर में बड़े स्तर पर मानवाधिकारों का उल्लंघन करने का, संघर्ष विराम का लगातार उल्लंघन करने का और क्षेत्र के डेमोग्राफिक (जनसांख्यिकीय) ढांचे को बदलने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।
अमेरिका से पहले भी कर चुका है मध्यस्थता करने की अपील
बीते समय में जम्मू-कश्मीर विवाद को लेकर पाकिस्तान कई बार अमेरिका से दखल देने की मांग कर चुका है। अपने अमेरिका दौरे पर पाक प्रधानमंत्री इमरान खान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से इस मामले में मध्यस्थता करने की अपील की थी। ट्रंप इसके लिए आगे भी आए थे भारत के सामने मध्यस्था का प्रस्ताव रखा था लेकिन भारत ने इसे अपना आंतरिक मामला बताते हुए उनकी पेशकश खारिज कर दी थी।