भारत के स्थायी मिशन के प्रथम सचिव सेंथिल कुमार
- फोटो : ani
संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार परिषद के 45वें सत्र में भारत ने पाकिस्तान को फटकार लगाते हुए कहा है कि दूसरों के बारे में बोलने से पहले अपने घर को ठीक करे। जिनेवा में भारत के स्थायी मिशन के प्रथम सचिव सेंथिल कुमार ने राइट टू रिप्लाई के दौरान कहा कि पाकिस्तान में हर रोज मानवाधिकारों का उल्लंघन हो रहा है लेकिन वो भारत पर झूठे आरोप लगाने में व्यस्त हैं।
प्रथम सचिव सेंथिल कुमार ने सत्र में पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा, फिर से पाकिस्तान ने दो बार काउंसिल का ध्यान झूठी सूचना और राजनीतिक प्रोपेगैंडा के जरिए भटकाने की कोशिश की है। ठीक 12 दिन पहले ओएचसीएचआर ने अपनी प्रेस ब्रीफिंग में पाकिस्तान में हिंसा के लिए कई घटनाओं के बारे में गंभीर चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा हो रही है। खासतौर से महिलाओं और अल्पसंख्यक पाक में लगातार निशाना बन रहे हैं। पाकिस्तान में बेटियों, बहनों और माताओं की दुर्दशा है। सेंथिल कुमार ने कहा कि पाकिस्तान में मानवाधिकार के लिए काम कर रहे लोगों को पाकिस्तानी सरकार की प्रत्यक्ष भागीदारी के साथ डराया-धमकाया जाना, हिरासत, यातना और गायब होने के काम हर दिन हो रहा है।