भारत द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा हटाने से पाकिस्तान की बौखालहट बढ़ती ही जा रही है। जम्मू कश्मीर को दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद से ही उसने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार पर भी रोक लगा दी।
उसने भारत के फैसले को लेकर सीमा पार की दो ट्रेनों को निलंबित कर दिया और अब लाहौर-दिल्ली मैत्री बस सेवा भी निलंबित कर दी है। यह बस सेवा फरवरी 1999 में शुरू हुई थी लेकिन 2001 में संसद हमले के बाद निलंबित कर दी गई। जिसके बाद जुलाई 2003 में इस बस सेवा को फिर से बहाल किया गया।
पाकिस्तान के सूचना एवं डाक सेवा मंत्री मुराद सईद ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की बुधवार को हुई बैठक में लिए गए फैसलों के अनुरूप ही यह कदम उठाया गया। सईद ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि एनएससी के फैसलों के अनुसार पाकिस्तान-भारत बस सेवा निलंबित कर दी गई है।
लाहौर-दिल्ली बस सेवा दिल्ली के अंबेडकर स्टेडियम से शूरू होकर लाहौर जाती है। इससे पहले शुक्रवार को पाकिस्तान के रेलवे मंत्री शेख रशीद अहमद ने बताया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच चलने वाले थार एक्सप्रेस को रोक दिया गया है। यह ट्रेन पाकिस्तान के कराची को जोधपुर से जोड़ती थी।
मंत्री ने कहा कि 13 अरब रुपये की लागत से बने थार एक्सप्रेस के ट्रैक का प्रयोग अब थार कोल प्रोजेक्ट के लिए किया जाएगा।
गुरुवार को पाकिस्तान ने समझौता एक्सप्रेस की सेवा को भी रोक दिया था। जिसको लेकर रेल मंत्री रशीद ने कहा था कि ईद को लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए इस ट्रेन का प्रयोग किया जाएगा।समझौता एक्सप्रेस जिसका नाम हिंदी और उर्दू शब्दों से मिलकर बना है उसको 22 जुलाई 1976 को शिमला समझौते के तौर पर शुरू किया गया था।