पाकिस्तान और सऊदी अरब ने गुरुवार को उद्योग, खनन, कृषि और उर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में दो अरब डॉलर के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता सऊदी अरब के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के पाकिस्तान दौरे के दौरा किया गया, जिसका मकसद दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को बढ़ाना था। यह प्रतिनिधिमंडल बुधवार को तीन दिवसीय दौरे पर पाकिस्तान पहुंचा है, जिसका नेतृत्व सऊदी निवेश मंत्री खालिद बिन अब्दुल अजीज अल-फालिह कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में सरकार और निजी क्षेत्र के 130 सदस्य शामिल हैं।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, अल-फालिह और सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने उद्योग, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, खाद्य, खनन, उर्जा और अन्य क्षेत्रों में हस्ताक्षरित समझौतों का आदान-प्रदान किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि सऊदी प्रतिनिधिमंडल का दौरा सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की ओर से पाकिस्तानी जनता के लिए प्रेम और स्नेह का प्रतीक है।
उन्होंने भरोसा दिया कि समझौतों का पूरा क्रियान्वयन किया जाएगा और इसमें किसी भी प्रकार की देरी नहीं होगी। शरीफ ने सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि समझौतों को भविष्य में वास्तविक अनुबंधों में बदलने के लिए कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास किया जाएगा।