करतारपुर कॉरिडोर के उद्घाटन से पहले पाकिस्तान ने सोमवार को विशेष गीत रिलीज कर दिया है। बता दें कि नौ नवंबर को इस गलियारे का उद्घाटन होना है, जबकि भारतीय श्रद्धालु गुरुद्वारे के दर्शन के लिए 10 नवंबर को जाएंगे। इसके बाद से यह गलियारा हमेशा के लिए पूरे साल भर खुला रहेगा।
करतारपुर गलियारे को लेकर भारत-पाक के बीच एक समझौता भी हुआ है। इसकी ही तैयारियां इन दिनों दोनों ही देशों में जोर-शोर से चल रही हैं। वहीं एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, यह गीत सूचना और प्रसारण के लिए प्रधानमंत्री इमरान खान की विशेष सहायक फिरदौस आशिक अवान ने जारी किया है।
बता दें कि इस गलियारे का उद्घाटन सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 550वीं जयंती से पहले करना तय हुआ है और अब जयंती से पहले गीत भी रिलीज कर दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार इस गीत में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू और एसएडी नेता हरसिमरत कौर बादल भी हैं। वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक दिन पहले बीते सोमवार को ही कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को उद्घाटन समारोह में शरीक होने का औपचारिक निमंत्रण भेजा है।
पत्र में लिखा है शनिवार 9 नवंबर 2019 को पाकिस्तान के नरोवाल में गुरूद्वारा दरबार साहिब करतारपुर कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह के लिए इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की तरफ से नवजोत सिंह सिद्धू को निमंत्रण दिया जाता है।
बता दें कि सिद्धू पहले ही उद्घाटन समारोह में जाने की इच्छा जता चुके हैं। सिद्धू ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर पाकिस्तान जाने की अनुमति भी मांगी थी।