पाकिस्तान के सिंध में जमीदार द्वारा ऊंट के पैर काटने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर जिला एवं सत्र न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उनकी चार दिन की रिमांड मंजूर हो गई है। वहीं, दूसरी तरफ घायल ऊंट के कृत्रिम पैर लगाने की तैयारी है।
संघर के डिप्टी कमिश्नर इमरान उल हसन ख्वाजा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि ऊंट को सोमवार को कराची ले जाया जाएगा और उसके कृत्रिम पैर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले में हिरासत में लिए गए पांच संदिग्धों की जिला एवं सत्र न्यायालय ने चार दिन की रिमांड मंजूर की है।
संघर के मुंधर जमराव इलाके में हुई घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को संघर के मुंध जमराव इलाके में हुई। ऊंच एक कृषि भूमि में घुस गया था, इससे घुस्साए जमींदार ने पहले ऊंट के साथ मारपीट की, फिर कर्मचारियों के साथ मिलकर उसका पैर काट दिया। घटना का फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने इस बर्बरता की निंदा की।
पुलिस ने जमींदार की बजाय अज्ञात लोगों पर दर्ज की एफआईआर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद जब हंगामा शुरू हुआ तो पुलिस ने जमींदार की बजाय अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एजाज ने कहा, पुलिस ने जानवर के साथ दुर्व्यवहार के संबंध में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो ने अपराध कबूल कर लिया है। आगे की जांच जारी है।
दूसरी तरफ, सिंध के गवर्नर कामरान टेसोरी ने घोषणा की कि उस व्यक्ति को दो ऊंट दिए जाएंगे, जिसका ऊंट घायल हुआ है।