पाकिस्तान पुलिस ने ऑनर किलिंग के एक मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई ऑनर किलिंग का वीडियो वायरल होने के बाद की है, जिसमें बलूचिस्तान में एक घर में दंपति की ऑनर किलिंग मामले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर लोगों में गुस्सा और नाराजगी देखी जा रही है।
वीडियो को लेकर लोगों में भारी गुस्सा
नागरिक संगठन, धार्मिक विद्वानों और राजनेताओं ने इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने सोमवार को बताया कि इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और ये लोग ऑनर किलिंग के मामले में संदिग्ध आरोपी हैं। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद ने बताया कि मामले की जांच चल ही है और घटना में शामिल जो सभी लोगों की पहचान कर ली गई है। साथ ही यह भी पता चल गया है कि घटना कब घटी और किसने घटना का वीडियो जारी किया।
ये भी पढ़ें-
Indonesia: मनाडो जा रहे इंडोनेशियाई जहाज में लगी आग पर पाया गया काबू, बचाव दलों ने 568 यात्रियों को बचाया
पाकिस्तान में ऑनर किलिंग के हर साल आते हैं कई मामले
वीडियो में दिख रहा है कि हथियारबंद लोगों का एक समूह एक दंपति की निर्मम हत्या कर रहा है। दंपति की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वीडियो में दिख रहे लोग बराहुई भाषा में बात कर रहे थे। गौरतलब है कि पाकिस्तान में अभी भी ऑनर किलिंग की घटनाएं सामने आती रहती हैं और हर साल ऐसे मामले रिपोर्ट किए जाते हैं। मानवाधिकार आयोग की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, उस साल पाकिस्तान में कम से कम 405 ऑनर किलिंग की घटनाएं हुईं। इस साल की शुरुआत में ही अमेरिका से लौटे एक व्यक्ति ने सिर्फ इसलिए अपनी बेटी की हत्या कर दी थी क्योंकि वह टिकटॉक पर वीडियो नहीं बनाने की बात नहीं मान रही थी।