फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pakistan: पाई-पाई को मोहताज पाकिस्तान पैसों के लिए IMF के सामने गिड़गिड़ाया, लगाई गुहार- बाढ़ का भी रखें ध्यान

Wed, 24 Sep 2025 08:29 PM IST
राहुल कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद

सार

शहबाज ने कहा कि उन्होंने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के दौरान आईएमएफ प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा से मुलाकात की है। बैठक में शहबाज ने आईएमएफ प्रमुख को बताया कि पाकिस्तान वैश्विक ऋणदाता के कार्यक्रम के कार्यान्वयन में लगातार प्रगति कर रहा है, लेकिन बाढ़ ने उसकी अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है।
विज्ञापन
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ - फोटो : एएनआई (फाइल)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आर्थिक बदहाली से जूझ रहे पाकिस्तान ने आईएमएफ के सामने फिर से गुहार लगाई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को आईएमएफ से सात अरब अमेरिकी डॉलर के ऋण की आगामी समीक्षा में हाल में आई विनाशकारी बाढ़ के प्रभाव को ध्यान में रखने का आग्रह किया है। 

विज्ञापन


शहबाज ने कहा कि उन्होंने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के दौरान आईएमएफ प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा से मुलाकात की है। बैठक में शहबाज ने आईएमएफ प्रमुख को बताया कि पाकिस्तान वैश्विक ऋणदाता के कार्यक्रम के कार्यान्वयन में लगातार प्रगति कर रहा है, लेकिन बाढ़ ने उसकी अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया है।

शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, आईएमएफ के समय पर मिले सहयोग के लिए आभार। जिसने पाकिस्तान को स्थिरता की ओर बढ़ने और पुनर्प्राप्ति की राह पर लाने में मदद की। पाकिस्तान गहन सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन हाल की विनाशकारी बाढ़ को आईएमएफ की समीक्षा में शामिल किया जाना चाहिए।
विज्ञापन


शहबाज ने आईएमएफ की पाकिस्तान के साथ लंबी साझेदारी की सराहना की। उन्होंने आईएमएफ के समय पर समर्थन को स्वीकार किया। इसमें वित्त वर्ष 2024 में 3 बिलियन डॉलर की स्टैंड बाय व्यवस्था, उसके बाद 7 बिलियन डॉलर की ईएफएफ और 1.4 बिलियन डॉलर की लचीलापन और स्थिरता सुविधा (आरएसएफ) शामिल है। शहबाज शरीफ ने कहा कि आज गहन सुधारों के साथ पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था स्थिरीकरण के सकारात्मक संकेत दिखा रही है और अब सुधार की ओर बढ़ रही है।

आईएमएफ प्रमुख जॉर्जीवा ने बाढ़ प्रभावितों के प्रति सहानुभूति जताई और कहा कि नुकसान के आकलन से पुनर्निर्माण की प्राथमिकताओं को तय करने में मदद मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री के सुधारों के प्रति समर्पण की सराहना की और पाकिस्तान को दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए समर्थन जारी रखने का आश्वासन दिया।

इसी दौरान प्रधानमंत्री शहबाज ने न्यूयॉर्क में विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष अजय बंगा से भी मुलाकात की और पाकिस्तान को दिए जा रहे समर्थन की सराहना की। उन्होंने कोविड-19 महामारी और 2022 की बाढ़ के दौरान मिले सहयोग का विशेष उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने उन्हें सरकार के व्यापक सुधार एजेंडे की जानकारी दी, जिसमें संसाधन जुटाना, ऊर्जा क्षेत्र सुधार, निजीकरण और जलवायु परिवर्तन से निपटने के उपाय शामिल हैं।

विश्व बैंक के अध्यक्ष ने पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे सुधार उपायों की सराहना की तथा पाकिस्तान के विकास एजेंडे के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि की। उन्होंने नये सीपीएफ के अंतर्गत आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाने तथा जलवायु लचीलेपन पर दीर्घकालिक पहल करने के लिए बैंक की निरंतर सहायता देने की तत्परता पर बल दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें