पाक सेना प्रमुख जनरल कमर बाजवा और पाक प्रधानमंत्री इमरान खान(फाइल फोटो)
- फोटो : social media
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कश्मीर में मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के लिए बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की तीन दिनों में दूसरी बैठक बुलाई है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी, कश्मीर मामलों के मंत्री के साथ अन्य अहम अधिकारी, तीनों सशस्त्र सेना के प्रमुख और आईएसआई प्रमुख सहित अन्य अधिकारी बैठक में शामिल होंगे।
इससे पहले पाकिस्तान में भारत के आंतरिक मामलों को लेकर संयुक्त सत्र बुलाया गया था। इस दौरान इमरान खान ने भारत को लेकर काफी कुछ कहा था। इमरान खान ने कहा था कि वो भारत के इस कदम का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि वो इस मुद्दे को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उठाएंगे।
अनुच्छेद 370 को लेकर इमरान खान इतने आग बबूला हो गए थे कि उन्होंने कहा था कि भारत ने अनुच्छेद 370 को छेड़कर पुलवामा जैसे हमलों को न्योता दिया है। साथ ही यह भी कहा था कि दोनों देशों के बीच कश्मीर पर हुए युद्ध का पूरी दुनिया के लिए गंभीर परिणाम होंगे।
भारत द्वारा अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के फैसले के बाद पाकिस्तान ने कहा कि इस कदम से दोनों परमाणु संपन्न देशों के बीच संबंध और खराब होंगे। भारत द्वारा उठाए गए कदम से पाकिस्तान की संसद से लेकर सेना तक में बौखालहट है। पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने सभी कमांडरों के साथ एक बैठक की।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख बाजवा ने गीदड़भभकी देते हुए कहा कि हम कश्मीरियों की मदद के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। उधर पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी भी भारत को युद्ध की धमकी दी। फवाद चौधरी ने कहा कि अब भारत को खून और आंसू से जवाब देना होगा।