15 अगस्त से लगेगा पेट्रोल पंपों पर ताला?
- फोटो : Amar Ujala Graphics
पाकिस्तान में पेट्रोल पंपों की हड़ताल का एलान कर दिया गया है। पाकिस्तान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को घोषणा की कि 15 अगस्त से देशभर के पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। डीलर्स ने साफ किया है कि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है तो आंदोलन जारी रहेगा। एसोसिएशन ने सरकार को मांगों पर फैसला लेने के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया है।
क्या 15 अगस्त से पूरे पाकिस्तान में पेट्रोल पंप बंद रहेंगे?
पाकिस्तान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के चेयरमैन मलिक खुदा बख्श ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेट्रोल पंप बंद करने के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह निर्णय डीलर्स की बैठक में लिया गया है। डीलर्स का कहना है कि सरकार उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनाती है तो 15 अगस्त से पेट्रोल पंप बंद कर दिए जाएंगे और हड़ताल मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी।
क्या है पेट्रोलियम डीलर्स की मुख्य मांग?
मलिक खुदा बख्श के मुताबिक:-
- पेट्रोलियम डीलर्स लंबे समय से पेट्रोल पर आठ प्रतिशत मार्जिन की मांग कर रहे हैं।
- उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के करीब 14,000 सदस्यों की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
- उन्होंने बताया कि डीलर्स ने सरकार को अपनी मांगों पर कार्रवाई के लिए दो सप्ताह का समय दिया था, लेकिन यह समयसीमा अब समाप्त हो चुकी है।
क्या सरकार को पहले भी दी गई थी हड़ताल की चेतावनी?
इससे पहले 22 जुलाई को ऑल पाकिस्तान पेट्रोल पंप ओनर्स एसोसिएशन (APPPOA) ने प्रस्तावित पेट्रोल पंप बंदी को दो सप्ताह के लिए टाल दिया था। उस समय पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने डीलर्स को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया था। एसोसिएशन ने पेट्रोल की कीमत रोजाना तय करने वाली नीति की समीक्षा करने की मांग भी पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्रालय से की थी।
क्या पाकिस्तान में रोज तय हो रही हैं ईंधन की कीमतें?
17 जुलाई को पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक और सूचना मंत्री अत्ता तरार ने कहा था कि वैश्विक तेल कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच ईंधन की कीमतों में रोजाना बदलाव किया जाएगा। उन्होंने बताया था कि ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) अपनी वेबसाइट पर बदली हुई कीमतें प्रकाशित करेगी। ईंधन की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों के आधार पर तय की जानी हैं। इससे पहले मार्च की शुरुआत से पाकिस्तान सरकार ईंधन की कीमतें साप्ताहिक आधार पर तय कर रही थी।