पाकिस्तान के आतंकवाद विरोधी बलों ने एक अंतरराष्ट्रीय एनजीओ (गैर सरकारी संगठन) के स्थानीय प्रमुख को टेरर फंडिंग के मामले में गिरफ्तार किया है। एनजीओ ह्यूमन कंसर्न इंटरनेशनल के स्थानीय प्रमुख अली नवाज पर चैरिटी के नाम पर धन जुटाने और इस रकम को अलकायदा को ट्रांसफर करने का आरोप है।
पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ ने आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के हवाले से कहा कि अली को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसको आतंकवाद रोधी अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां उसे आगे की पूछताछ के लिए सीटीडी की तीन दिन की हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, अली के अलावा मोहम्मद फारूक अवान, शाह और मोहम्मद नईम चैरिटी के जरिये जुटाए पैसों को अलकायदा तक पहुंचाते थे। अलकायदा इस धन का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने में करता था। इस मामले में अंतरराष्ट्रीय एनजीओ की ओर से अब तक प्रतिक्रिया नहीं आई है।