बलूचिस्तान: कबायली नेता समेत सात लोगों की गोली मारकर हत्या
वहीं दूसरे मामले में अशांत बलूचिस्तान प्रांत में हथियारबंद लोगों ने एक वाहन पर गोलीबारी की, जिसमें एक कबायली नेता समेत सात लोगों की मौत हो गई। बलूचिस्तान में अर्धसैनिक बल लेवीज फोर्सेज ने बताया कि यह घटना झोब शहर से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित मुर्घा किबजई में बृहस्पतिवार को हुई। पुलिस ने बताया कि मरने वाले सात लोगों में कबायली नेता अहमद खान किबजई और उनके दो भाई शामिल हैं।
हमले की किसी समूह ने नहीं ली जिम्मेदारी
उन्होंने बताया कि किबजई, उनके भाई और चार अन्य एक वाहन में यात्रा कर रहे थे, तभी हथियारबंद लोगों ने स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल करते हुए उन पर गोलियां चला दीं। किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस ने कहा कि किबजई की स्थानीय लोगों के साथ दुश्मनी थी, जो उसकी मौत का एक संभावित कारण हो सकता है।
टीटीपी और बीएलए के हाथ मिलाने से उड़ी पाक सरकार की नींद
बलूचिस्तान प्रांत में बिगड़ती कानून-व्यवस्था ने संघीय सरकार के लिए समस्याओं को और जटिल बना दिया है, जो पाकिस्तान की जर्जर अर्थव्यवस्था को ठीक करने की कोशिश कर रही है। हाल के दिनों में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के साथ मिलकर पूरे पाकिस्तान में कई आतंकी हमले किए हैं। पिछले साल नवंबर में टीटीपी ने जून 2022 में सरकार के साथ हुए अनिश्चितकालीन संघर्ष विराम को रद्द कर दिया था और अपने लड़ाकों को सुरक्षा बलों पर हमले करने का आदेश दिया था।