जेल में बंद अपने साथियों की रिहाई की मांग को लेकर आतंकवादियों ने पाकिस्तान के प्रांत खैबर पख्तूनख्वा को गिलगित-बाल्टिस्तान से जोड़ने वाले हाईवे को जाम कर दिया है। इसके बाद वहां फंसे एक वरिष्ठ मंत्री बेग हुंजा और दो विदेशी नागरिकों का अपहरण कर लिया गया। बेग हुंजा इमरान खान की पार्टी PTI से जीते हुए विधायक हैं। सभी की रिहाई के लिए अब अपहरणकर्ता से संपर्क किया गया। इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने मंत्री को रिहा कर दिया। शर्त रखी गई है कि उनकी मांगे 10 दिन के अंदर पूरी की जाएं, वरना अंजाम बुरा होगा।
इस बीच पाकिस्तानी मीडिया ने ताजा जानकारी देते हुए बताया कि, जीबी के मोस्ट वांटेड आतंकवादी कमांडर हबीबुर रहमान गुट के आंतकवादियों ने डायमेर के चिलास के ठाक गांव में सड़क को जाम किया है। सड़क से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों तरफ यात्री फंस गए। हबीबुर रहमान पर नंगा पर्वत में 10 विदेशियों की हत्या करने का आरोप है। सूत्रों ने बताया कि जिन आतंकवादियों की रिहाई की मांग की जा रही है वो विदेशियों की हत्या में शामिल रहे है।
मंत्री का सामने आया ऑडियो क्लिप
वहीं सोशल मीडिया में जीबी के वरिष्ठ मंत्री अबैदुल्ला बेग का एक ऑडियो भी सामने आया है। ऑडियो में बेग को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि वह इस्लामाबाद से गिलगित जा रहे थे। लेकिन आतंकवादियों ने बीच रास्ते में अपने सहयोगियों की जेल से रिहाई की मांग को लेकर हाईवे को जाम कर दिया। हालांकि, इसके कुछ देर बाद जब मंत्री से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल फोन बंद आया। अब अपहरणकर्ता से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
समझौता वार्ता में आतंकियों की दो मांगें, इस्लामी कानून लागू कराना चाहते हैं आतंकी
सूत्रों ने बताया कि आतंकियों ने अपने साथियों की रिहाई को लेकर जिले के राजनीतिक नेता व अफसरों से काफी देर चर्चा की। हालांकि पुलिस की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। इस बीच, सोशल मीडिया पर सामने आए गिलगित-बाल्टिस्तान के मंत्री के एक ‘ऑडियो क्लिप’ में यह कहते हुए सुना गया कि कमांडर से वार्ता जारी है और आतंकियों की दो मुख्य मांगें हैं। पहली मांग, जेल से उनके साथियों की रिहाई और दूसरी इस्लामी कानून लागू करना है।
अपहर्ताओं से किया गया संपर्क
गिलगित-बाल्टिस्तान सरकार के पूर्व प्रवक्ता फैजुल्ला फराक ने बताया कि मंत्री की रिहाई के लिए आतंकियों से वार्ता में वे खुद इसमें मौजूद रहे हैं। यहां अगवा किए गए वरिष्ठ मंत्री बेग हुंजा इमरान खान की पार्टी पीटीआई से जीते विधायक हैं। उनके साथ दो विदेशी नागरिक भी अगवा किए गए हैं जिनकी रिहाई के लिए अपहरणकर्ताओं से संपर्क किया जाता रहा। हालांकि देर शाम उन्हें भी रिहा कर दिया गया।
संसद व जनता को भरोसे में ले गृह मंत्रालय
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सांसद रजा रब्बानी ने सार्वजनिक चिंता के मुद्दे पर सीनेट के अध्यक्ष सादिक संजरानी से कहा कि वह गृह मंत्री को टीटीपी के साथ शांति वार्ता की वर्तमान स्थिति के बारे में संसद और जनता को बड़े पैमाने पर विश्वास में लेने का निर्देश दें। गृह मंत्रालय ने हाल में टीटीपी के साथ बातचीत रुकने या उसके गुटों द्वारा आतंकी हमलों के बढ़ते खतरे को लेकर आगाह किया था।
होटल में विदेशियों की गई थी हत्या
2013 में इन्ही बंदूकधारियों ने गिलगिट-बल्टिस्तान में नंगा पर्वत जाने वाले पर्वतारोहियों को निशाना बनाया था। बंदूकधारियों ने चीन, यूक्रेन और रूस के नागरिकों समेत 9 पर्यटकों और एक पाकिस्तानी गाइड की गोली मारकर हत्या कर दी थी।