पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटरसर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसएआई) का कच्चा चिट्ठा खुल कर सोशल मीडिया पर आ गया है। आईएसआई के अधिकारियों पर देश की अभिनेत्रियों का यौन शोषण करने का इल्जाम लगा है। इस कांड में देश की नामी और चर्चित अभिनेत्रियों के नाम को भी घसीटा गया है।
इस सोमवार को अभिनेत्री सजल अली के एक ट्विट से इस मामले के सामने आने की शुरुआत हुई। अली ने अपने ट्विट में लिखा- ‘यह बहुत दुखद है कि हमारा देश नैतिक रूप से पतित और गंदा होता जा रहा है। चरित्र हनन मानवता का सबसे बुरा रूप है और यह एक पाप है।’ अली के हजारों फॉलोवर तब इस ट्विट का मतलब नहीं समझ पाए। तब अनुमान लगाया गया कि अभिनय संसार में महिलाओं को जो भेदभाव अक्सर झेलना पड़ता है, उससे खफा होकर मशहूर ड्रामा- मॉम की इस अभिनेत्री ने ये ट्विट किया है।
लेकिन उसके बाद एक अन्य मशहूर स्टार कुबरा खान ने भी एक ट्विट किया। उसमें उन्होंने लिखा- ‘शुरुआत में मैं यह सोच कर चुप रही कि एक फर्जी वीडियो से मेरा अस्तित्व खत्म नहीं हो जाएगा। लेकिन अब हद हो चुकी है। अगर आप सोचते हैं कि कोई व्यक्ति मुझ पर अंगुली उठाएगा और मैं चुप रह जाऊंगी, तो वह बड़ी गलती कर रहा है।’ कुबरा खान के ट्विट के बाद यह चर्चा जोर पकड़ी की मामला कहीं गंभीर है।
तब यह चर्चा में आया कि सेना के एक पूर्व मेजर ने बीते सप्ताहांत एक वीडियो यूट्यूब पर पोस्ट किया था। उसमें उस पूर्व अधिकारी आदिल रज़ा को यह कहते सुना गया कि अभिनेत्रियां और मॉडल्स आईएसआई के सुरक्षित मकानों में ठहरती थीं और पूर्व वरिष्ठ अधिकारी उन्हें ‘यूज’ करते थे। रज़ा ने आरोप लगाया कि कई राजनेताओं को भी आमंत्रित किया जाता था और उनके कई वीडियो भी रिकॉर्ड किए गए थे।
रज़ा ने दावा किया कि इस कांड में चार प्रमुख अभिनेत्रियां शामिल थीं। हालांकि रज़ा ने उनका पूरा नाम नहीं लिया, लेकिन उन्हें एमएच, एमके, एके (एक अन्य वीडियो में यह नाम केके सुना गया है), और एसए कह कर पुकारा। रज़ा ने कहा- ‘यह सब जाहिर करना मेरे लिए दर्दनाक है। अल्लाह गवाह है, आप देख सकते हैं कि मैं कितना टूटा हुआ हूं।’
हालांकि रज़ा ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने जो संकेत दिए, उसके आधार पर सोशल मीडिया पर चर्चा वायरल हो गई। ट्विटर पर अनुमान लगाया गया कि उन्होंने माहिरा खान, कुबरा खान, मेहविश हयात और सजल अली का जिक्र किया है। ट्विटर पर लोग आदिल रज़ा के बयान के साथ इन अभिनेत्रियों की तस्वीरें शेयर करने लगे।
इसके बाद अभिनेत्रियों की प्रतिक्रिया आई। कुबरा खान ने आदिल रज़ा पर मुकदमा करने की चेतावनी दी है। उन्होंने रज़ा को संबोधित करते हुए एक बयान में कहा- ‘किसी पर आरोप लगाने के लिए आपके पास सबूत होना चाहिए। मैं आपको तीन दिन का समय देती हूं। इस बीच या तो आप सबूत दें या अपनी बात वापस लें, वरना आप पर मानहानि का मुकदमा करूंगी।’
इस पर आदिल रज़ा ने कहा है कि उन्होंने कुबरा खान का नाम नहीं लिया है। उन्होंने ट्विटर पर कहा- ‘मैंने जिन दो शुरुआती अक्षर लिखे हैं, उनसे पाकिस्तान और विदेश की अनगिनत मॉडल्स, अभिनेत्रियों और मशहूर शख्सियतों के नाम शुरू होते हैं।’ उधर मेहविश हयात ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई अपनी टिप्पणी में इस विवाद को ‘दो मिनट की लोकप्रियता’ पाने की कोशिश बताया है।