पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत एक बाद एक पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठा रहा है। मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक में तीनों सेनाओं को आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने की खुली छूट दे दी। इसके बाद से पाकिस्तान में दहशत का आलम है। पाकिस्तानी मीडिया में पीएम मोदी के निर्देश की खूब चर्चा है। अखबारों ने लिखा है कि पीएम मोदी ने सेना को घुसपैठ की छूट दे दी है। अब कभी भी पाकिस्तान पर हमला हो सकता है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार सख्त
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट ‘मिनी स्विटरलैंड’ नाम से मशहूर पर्यटन स्थल पर 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी। जिनमें ज्यादातर पर्यटक हैं। हथियारबंद आतंकवादी 'मिनी स्विट्जरलैंड' में घुस आए और भोजनालयों के आसपास घूम रहे, खच्चर की सवारी कर रहे, पिकनिक मना रहे पर्यटकों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद भारत सरकार ने सिंधु जल संधि पर रोक लगाने समेत तमाम कड़े फैसले लिए।
ये भी पढ़ें: सिंधु जल संधि पर रोक से चौतरफा घिरा पाकिस्तान, ICJ से गुहार की तैयारी; यहां भी मिलेगी मात
पीएम मोदी ने दिए थे निर्देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश के शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल हुए। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान भी इस बैठक का हिस्सा थे। बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली। बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद पर करारी चोट करना हमारा राष्ट्रीय संकल्प है। पीएम मोदी ने सशस्त्र बलों की पेशेवर क्षमताओं पर पूरा विश्वास और भरोसा जताया। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा, उन्हें (सशस्त्र बलों को) हमारी प्रतिक्रिया के तरीके, लक्ष्य और समय तय करने की पूरी स्वतंत्रता है।
पाकिस्तानी मीडिया ने क्या लिखा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेना को खुली छूट देने के निर्देश की पाकिस्तानी मीडिया में खूब चर्चा है। पाकिस्तानी अखबार डॉन ने लिखा है कि पीएम मोदी ने अपनी सेना को घुसपैठ की छूट दे दी है। उन्होंने सशस्त्र बलों से कहा कि उन्हें आतंकवादी हमले पर हमारी प्रतिक्रिया के तरीके, लक्ष्य और समय पर निर्णय लेने की पूरी परिचालन स्वतंत्रता है। वहीं ट्रिब्यून ने लिखा है कि मोदी ने सेना को दी ऑपरेशनल आजादी। इस खबर में पीएम मोदी की बैठक का वीडियो भी शामिल किया गया है। अखबार ने लिखा है कि भारतीय सेना कार्रवाई करने के लिए तैयार है।
ये भी पढ़ें: 'भारत अगले 24-36 घंटों में सैन्य कार्रवाई की योजना बना रहा'; पाकिस्तान को हर पल सता रहा डर
बौखलाए विदेश मंत्री इशाक डार
पाकिस्तान में इस बात को लेकर डर है कि भारत सैन्य अभियान भी चला सकता है। इसे लेकर पाक विदेश मंत्री इशाक डार बौखला गए हैं। उन्होंने कहा है कि हम पहले हमला नहीं करेंगे, लेकिन अगर भारत ने कुछ किया, तो हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। विदेश मंत्री डार ने यह भी कहा कि भारत एकतरफा आईडब्ल्यूटी को निलंबित नहीं कर सकता है। अगर भारत पानी में हस्तक्षेप करने की कोशिश करता है, तो हम इसे युद्ध की कार्रवाई मानेंगे क्योंकि यह 24 करोड़ लोगों के जीवन का मामला है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पहलगाम की घटना में पाकिस्तान की कोई संलिप्तता नहीं थी।
संबंधित वीडियो