इमरान खान की खराब सेहत पर उनके परिजनों ने चिंता जताई है। सोमवार रात इमरान खान को अस्पताल ले जाया गया, जिस पर पीटीआई समर्थकों में चिंता है। इमरान खान की बहन ने बयान जारी कर सरकार पर निशाना साधा है।
पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ पार्टी के मुखिया और पूर्व पीएम इमरान खान की सेहत को लेकर चिंताजनक खबरें सामने आ रही हैं। मंगलवार को उस वक्त हंगामा हो गया, जब ये खबर सामने आई कि इमरान खान को सोमवार देर रात अस्पताल ले जाया गया। उन्हें पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएच) ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि उन्हें इंजेक्शन लगाने के लिए लाया गया था। इस पर इमरान खान के परिवार ने चिंता जाहिर की है।
विज्ञापन
इमरान खान की बहन ने जताई नाराजगी
खबरों से हमें पता चला कि इमरान खान को आधी रात को फिर से पीआईएमएस ले जाया गया, शायद आंख में दूसरा इंजेक्शन लगवाने के लिए। लेकिन जब कानून के मुताबिक किसी कैदी की कोई भी चिकित्सीय प्रक्रिया करने से पहले परिवार को बताना जरूरी है, तो परिवार को क्यों नहीं बताया गया?
हमें सरकारी मेडिकल सुविधाओं से मिलने वाली टेस्ट रिपोर्ट पर भरोसा नहीं है। पहले ही ऐसी खबरें आ रही हैं कि पीआईएमएस के डॉक्टरों को इमरान खान के बारे में कोई भी जानकारी लीक होने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी जा रही है। वे क्या छिपा रहे हैं?
हम अपनी मांग पर अड़े हैं कि इमरान खान की शिफा इंटरनेशनल (इस्लामाबाद) में स्पेशलिस्ट द्वारा, इमरान खान के निजी डॉक्टरों की देखरेख में और उनके परिवार की मौजूदगी में जांच और इलाज किया जाए।
इमरान खान की आंख में जो कथित बीमारी हुई है, पीआईएमएस में उसका इलाज नहीं हो सकता है। यह सरकार जो कर रही है वह अपराध है, और वे इमरान खान के खिलाफ किए गए हर उल्लंघन और अपराध के लिए जवाबदेह होंगे।