चौधरी परवेज इलाही ने उन्हें पीटीआई अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए इमरान खान को धन्यवाद दिया। इलाही ने एक ट्वीट में कहा, इमरान खान की तरह मेरी इज्जत किसी ने नहीं की और उन्हें मजबूत करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-कायद (पीएमएल-क्यू) के पूर्व नेता चौधरी परवेज इलाही को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पाकिस्तानी अखबार द न्यूज इंटरनेशनल ने यह जानकारी दी है। द न्यूज इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, पीटीआई के चेयरमैन इमरान खान द्वारा हस्ताक्षरित एक अधिसूचना में कहा गया है कि चौधरी परवेज इलाही को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया है।
विज्ञापन
चौधरी परवेज इलाही ने उन्हें पीटीआई अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए इमरान खान को धन्यवाद दिया। इलाही ने एक ट्वीट में कहा, इमरान खान की तरह मेरी इज्जत किसी ने नहीं की और उन्हें मजबूत करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा।
द न्यूज इंटरनेशनल ने बताया कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी परवेज इलाही ने पिछले महीने फरवरी में अपनी पार्टी के 10 पूर्व एमपीए (पाकिस्तान की प्रांतीय विधानसभा के सदस्य) के साथ पीटीआई में शामिल होने की घोषणा की थी। इमरान खान और इलाही के बीच करीबी संबंध हैं क्योंकि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री का समर्थन करने की कसम खाई थी। जनवरी में चौधरी परवेज इलाही ने इमरान खान के निर्देश पर पंजाब विधानसभा को भंग कर दिया था और बाद में प्रांत के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
विज्ञापन
इससे पहले 21 फरवरी को पीटीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष फवाद चौधरी ने घोषणा की थी कि चौधरी परवेज इलाही और अन्य नेताओं ने पीटीआई में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और इमरान खान के साथ बैठक के बाद लाहौर में चौधरी परवेज इलाही के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में यह टिप्पणी की थी। फवाद चौधरी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा था, लंबी चर्चा के बाद परवेज इलाही और अन्य नेताओं ने आखिरकार पीटीआई में शामिल होने का फैसला किया है। उसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इलाही ने कहा था, मैंने कठिन समय में इमरान खान का समर्थन किया है और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर अपनी वफादारी साबित की है।
जब दोनों नेता इलाही के पीटीआई में शामिल होने के फैसले की घोषणा कर रहे थे, तभी पीएमएल-क्यू के अध्यक्ष चौधरी शुजात हुसैन ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री को पार्टी से बर्खास्त कर दिया था। चौधरी शुजात हुसैन ने कहा था कि उन्हें भविष्य में पीएमएल-क्यू के नाम का उपयोग करने को लेकर भी प्रतिबंधित किया गया है।