पाकिस्तानी सेना अध्यक्ष कमर जावेद बाजवा
भारत और चीन के बीच तनाव के मद्देनजर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को भी भारत की ओर से हमला होने का डर सता रहा है। पाकिस्तानी सेना ने पीओके में उसके सैनिकों के लिए अस्पतालों में पचास फीसदी बिस्तर आरक्षित रखने के लिए कहा है। यही नहीं पाकिस्तान ने पीओके में अपनी सेना को सावधान रहने के लिए भी कहा है। बता दें कि पड़ोसी मुल्क पीओके की भूमि को आतंकवादियों के लॉन्च पैड की तरह इस्तेमाल करता रहा है।
दरअसल, इस महीने के शुरू में पाकिस्तान की सेना के प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने पीओके के स्वास्थ्य मंत्री को एक पत्र लिखा था। इसी पत्र में बाजवा ने पीआके के अस्पतालों में सैनिकों के लिए 50 प्रतिशत बिस्तर आरक्षित रखने की मांग की थी।
पीओके के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मुहम्मद नजीब नकी खान ने बताया कि पाकिस्तान के थल सेनाध्यक्ष का पत्र मिला था। इसमें उन्होंने लिखा था, कृपया सुनिश्चित करें कि आजाद जम्मू और कश्मीर के सभी अस्पतालों में हर समय 50 फीसदी बिस्तरों को सैनिकों के लिए आरक्षित रखा जाए। साथ ही आपात स्थिति के लिए ब्लड बैंकों में रक्त का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए।
बता दें कि पाकिस्तान का यह डर ऐसे समय में सामने आया है, जब नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं चरम पर हैं। वहीं दूसरी ओर लद्दाख के पास चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत को घेरने की कोशिश में जुटा हुआ है।
जम्मू और कश्मीर के त्राल क्षेत्र में शुक्रवार को ही सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए हैं। बता दें कि पाकिस्तान की ओर से प्रायोजित आतंकवाद भारत के लिए हमेशा से ही चिंता का विषय रहा है। हालांकि भारतीय सुरक्षा बलों ने समय-समय पर आतंकवादियों की घुसपैठ की नापाक कोशिशें को विफल किया है।
इससे पहले पाक के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने भी बीते बुधवार को भारत पर आरोप लगाते हुए कहा था कि चीन के साथ सीमा विवाद से विपक्षी दलों का ध्यान हटाने के लिए भारत, पाकिस्तान पर हमले की साजिश रच रहा है।