इमरान खान की नाक में दम करने वाले फजलुर रहमान ने पाकिस्तानी सरकार को घेरने के लिए 'प्लान बी' पर काम करना शुरू कर दिया है। उनकी अगुआई में हजारों प्रदर्शनकारियों ने इस्लामाबाद के मुख्य मार्ग की अपनी घेरेबंदी वापस ले ली है। मगर साथ ही रहमान ने दूसरी योजना पर काम करने का दावा किया है।
अपनी नई योजना के तहत इमरान सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए देश के तमाम मार्गों पर यातायात बाधित किया जाएगा। जमीयत उलेमा इस्लाम (फजल) के प्रमुख फजलुर रहमान ने अपने समर्थकों से वर्तमान अभियान के दूसरे चरण पर काम करने के लिए अपने अपने गृह राज्य को लौटने को कहा है।
उनका कहना है कि यह दूसरा चरण इमरान सरकार को गिराकर ही थमेगा। नए सिरे से चुनाव कराना भी इस अभियान के उद्देश्यों में शामिल है।
बुधवार को अपने समर्थकों से फजलुर रहमान ने कहा था कि इस्लामाबाद में आपके प्रदर्शन ने इस सरकार की जड़ें काट कर रख दी हैं और अब अगले चरण में हमें इस दरख्त के तने को गिरा देना बाकी है। रहमान ने चेतावनी दी है कि इस चरण में देश के अनेक मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक थाम दिया जाएगा जिससे तमाम बड़े शहरों का बाकी देश से संपर्क टूट जाएगा।
देश को अफगानिस्तान से जोड़ने वाले पश्चिमी क्वेटा-चमन राजमार्ग को रहमान समर्थकों ने बुधवार को जाम किया हुआ था। अनेक टीवी न्यूज चैनल इसे दिखा चुके हैं। बताया गया है कि करीब 150 रहमान समर्थकों ने दक्षिण में सिंध प्रांत में भी एक प्रमुख मार्ग को जाम किया हुआ है।
उल्लेखनीय है कि रहमान के इन समर्थकों में जमीयत उलेमा इस्लाम (फजल) पार्टी के कार्यकर्ताओं के अलावा देश भर में फैले मदरसों के उनके व्यापक नेटवर्क के जरिए शिक्षकों और उनके विद्यार्थियों की बड़ी जमात भी है।