पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में भूकंप से बड़ी तबाही हुई है। यहां 5.2 की तीव्रता के भूकंप से खुजदार जिले में कम से कम 80 घर ढह गए जिससे 200 से अधिक परिवार बेघर हो गए। डॉन अखबार ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार, भूकंप का केंद्र औरनाजी के पास था। भूकंप के झटके शुक्रवार सुबह 11.55 बजे महसूस किए गए।
आधे मिनट तक आए झटके
अधिकारियों ने कहा कि भूकंप के झटके आधे मिनट तक महसूस किए गए। भूकंप के झटके आते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल कर खुले में भाग गए। बड़े झटकों के बाद इलाके में थोड़े-थोड़े अंतराल में झटके महसूस किए गए।
खुजदार के उपायुक्त, रिटायर्ड मेजर इलियास किबजई ने डॉन को बताया कि औरनाजी का एक विशाल क्षेत्र भूकंप से प्रभावित हुआ है। भूकंप से 80 से ज्यादा घर जमीदोंज हो गए जबकि करीब 260 घरों में बड़ी दरारें आई हैं। ज्यादातर मकान कच्चे थे। भूकंप से वाध तहसील के नाल, जमरी, बारंग और नाचकन सोनारो लाठी गांवों को भी नुकसान पहुंचा है।
किसी की जान नहीं गई
किबजई ने बताया कि सौभाग्य से भूकंप के कारण किसी की जान नहीं गई, क्योंकि ज्यादातर लोग काम के सिलसिले में अपने घरों से बाहर थे। जो लोग घरों में थे वो फौरन बाहर भाग गए। उन्होंने कहा कि भूकंप से 200 से अधिक परिवार बेघर हो गए। भूकंप की सूचना के तुरंत बाद प्रभावित लोगों के लिए टेंट, चादर, खाद्य सामग्री और पीने के पानी सहित राहत सामग्री भेजी गई। बचाव और राहत टीमों को प्रभावित गांवों तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था क्योंकि ये घर पहाड़ी इलाकों में स्थित हैं। उन्होंने बताया कि हमने दवाओं के साथ स्वास्थ्य टीम भेजी है।