पाकिस्तान ने सोमवार को सैद्धांतिक रूप से फैसला किया कि वह एससीओ की बैठक में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान के शहर बिश्केक जाने की खातिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विमान को अपने हवाई क्षेत्र से गुजरने देगा।
बता दें कि इससे पहले पाकिस्तान ने 21 मई को तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के विमान को किर्गिस्तान के बिश्केक में एससीओ विदेष मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए पाक वायु क्षेत्र से सीधे उड़ान भरने की विशेष अनुमति दी थी। दरअसल, दक्षिण पाकिस्तान में दो मार्गों के अलावा पड़ोसी देश का वायु क्षेत्र वाणिज्यिक विमानों के लिए अब भी बंद है।
भारतीय वायु सेना ने 31 मई को घोषणा की थी कि बालाकोट हवाई हमले के बाद भारतीय वायु क्षेत्र पर लगाए सभी अस्थाई प्रतिबंध हटा लिए गए हैं। हालांकि जब तक पाकिस्तान अपना वायु क्षेत्र नहीं खोलता तब तक इससे किसी भी वाणिज्यिक एयरलाइन को फायदा मिलने की संभावना नहीं है। बता दें कि पाकिस्तानी वायु क्षेत्र के बंद होने से एयर इंडिया और इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हो रही हैं।