भारत ने शुक्रवार को एक बार फिर कुलभूषण जाधव मामले पर पाकिस्तान को घेरा है। भारत ने कहा कि आईसीजे का निर्णय लागू करने में पाकिस्तान लगातार फेल साबित हो रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा, पाकिस्तान कुलभूषण जाधव तक बेरोकटोक राजनयिक पहुंच देने में विफल रहा है। श्रीवास्तव ने कहा, पाकिस्तान कुलभूषण जाधव मामले में आईसीजे के फैसले को लागू करने के लिए मुख्य बिंदुओं का पालन करने में लगातार फेल हो रहा है। इन बिंदुओं में संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के प्रावधान के साथ साथ जाधव तक निर्विघभन राजनयिक पहुंच उपलब्ध कराना है।
बता दें कि इस महीने की शुरुआत में इस्लमाबाद हाईकोर्ट ने भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव के मामले में सुनवाई करने के लिए एक बड़ी पीठ का गठन किया था। जियो न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि इस बड़ी पीठ में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अतहर मीनाल्लाह जाधव, जस्टिस आमिर फारुक और जस्टिस मियां गुल हसन औरंगजेब शामिल हैं और इसकी पहली सुनवाई 3 सितंबर को होगी। यह निर्णय भारत की तरफ से पाकिस्तान पर लगातार जाधव तक राजनयिक पहुंच दिए जाने का दबाव बनाए जाने के चलते आया था।
पूर्व भारतीय नौसैनिक जाधव को 2016 में पाकिस्तान में भारत के लिए जासूसी करने के झूठे आरोप में कथित तौर पर बलूचिस्तान से गिरफ्तार किया गया। हालांकि भारत का आरोप है कि जाधव का ईरान के चाबहार बंदरगाह से अपहरण किया गया था, जहां वह अपने व्यापार के सिलसिले में गया हुआ था। 2017 की शुरुआत में पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने जाधव को फांसी की सजा सुना दी थी, जिस पर भारत ने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय से रोक लगवा दी थी।