पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के शेरानी जिले में रविवार को एक चेकपोस्ट पर हुए हमले में चार सुरक्षाकर्मी मारे गए। जियो न्यूज ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि हमलावरों ने चेकपोस्ट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक हमलावर मारा गया। वारदात के बाद खोज अभियान जारी है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री अब्दुल कुदुस बिजेंजो ने हमले की निंदा की है।
पार्टियों को चुनाव के लिए आवेदन करने के निर्देश
पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने देश में आम चुनावों से पहले राजनीतिक दलों को चुनाव चिन्ह के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया है। आर्थिक तंगी व राजनीतिक उथल-पुथल से गुजर रहे पाकिस्तान में आम चुनाव अक्टूबर में हो सकते हैं। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, आयोग ने कहा है कि चुनाव चिन्ह के लिए आवेदन पार्टी नेता के हस्ताक्षर के साथ 19 जुलाई तक जमा किए जाएंगे। इसके बाद पार्टी की योग्यता जांची जाएगी। आयोग ने राजनीतिक दलों को उस आवेदन को दोबारा प्रस्तुत करने को भी कहा है, जो उन्होंने पंजाब व खैबर पख्तूनख्वा प्रांतीय चुनावों में दिए थे।
ग्रीक नाव हादसे में चार और पाकिस्तानियों की मौत
पाकिस्तान के ग्रीक नाव हादसे में चार और पाकिस्तानियों की मौत की पुष्टि हो गई है। एआरवाई न्यूज के अनुसार, चारों पंजाब प्रांत के सरई आलमगीर के रहने वाले थे। लापता 12 से ज्यादा लोग सियालकोट के रहने वाले हैं। उल्लेखनीय है कि ग्रीक में 750 प्रवासियों को ले जा रही नाव 14 जून को डूब गई थी। नाव में सवार ज्यादातर लोग पाकिस्तान, सीरिया व मिस्र के रहने वाले थे। हादसे में 350 के करीब पाकिस्तानी नागरिकों के मारे जाने की आशंका है।