पाकिस्तानी प्रांत बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में हजरतगंज स्थित पुलिस स्टेशन के पास रविवार को एक बम विस्फोट हुआ। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट से इसकी जानकारी मिली।
क्वेटा के हजरतगंज क्षेत्र में यह धमाका ऐसे समय हुआ, जब शहर के अयूब मैदान में ‘पाकिस्तान डेमोक्रेटिक अलायंस’ (पीडीएम) की सरकार विरोधी रैली आयोजित हुई। पाकिस्तान डेमोक्रेटिक अलायंस पाकिस्तान की मुख्य विपक्षी पार्टियों का गठबंधन है, जिसने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान के विरोध में रैली का आयोजन किया था। हालांकि, रैली का स्थल उस स्थान से 35-40 किलोमीटर दूर है, जहां धमाका हुआ। बलूचिस्तान सरकार ने सुरक्षा कारणों से जनसभा स्थगित करने के लिए पाकिस्तान डेमोक्रेटिक अलायंस से कहा था।
जानकारी के मुताबिक, बम विस्फोट पुलिस स्टेशन के समीप हुआ है। घटना के तुरंत बाद ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। विस्फोट के चलते पूरे इलाके में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। बता दें कि पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम के क्वेटा शहर में आतंकवादी अकसर तनाव उत्पन्न करने के लिए आम लोगों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देते रहते हैं।