पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में करीब दो महीने पहले जियारत इलाके से अगवा किए गए शीर्ष सरकारी अधिकारी मुहम्मद अफजल बाकी के बेटे को सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद कर लिया है। हालांकि, अफसर खुद अब भी लापता हैं, जिससे सरकारी तंत्र और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।
क्वेटा पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जियारत के असिस्टेंट कमिश्नर (एसी) मुहम्मद अफजल बाकी और उनके बेटे मुस्तनसर बिलाल को करीब दो महीने पहले जियारत के पास अगवा कर लिया गया था। शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों ने मुस्तनसर बिलाल को हरनाई जिले के जरदालो इलाके से सुरक्षित पाया है। अधिकारी बिलाल शेख ने बताया कि बेटे को सुरक्षात्मक हिरासत में लिया गया है ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अभी तक पिता के बारे में कोई सुराग नहीं
बिलाल शेख ने बताया कि अफजल बाकी अभी भी लापता हैं और उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए पूरी कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास कुछ अहम सुराग हैं, लेकिन अभी इस बारे में सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। इस बीच, उनके परिवार में चिंता और प्रशासन में तनाव का माहौल है।
ये भी पढ़ें- PAK ने अफगानिस्तान को दी हमले की चेतावनी; तालिबान सरकार ने कहा- हवाई हमलों का जवाब देने का अधिकार
वाहन को किया गया था आग के हवाले
पुलिस के अनुसार, दो महीने पहले यह घटना तब हुई जब एसी बाक़ी अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। हरनाई के पास सशस्त्र लोगों ने उनके वाहन को रोक लिया और कमिश्नर व उनके बेटे को अगवा कर लिया। हालांकि परिवार के सदस्य, सुरक्षा गार्ड और ड्राइवर को छोड़ दिया गया, लेकिन सरकारी गाड़ी को अपहरणकर्ताओं ने आग के हवाले कर दिया था।
पिता की हत्या की आशंका पर रहस्य बरकरार
21 सितंबर को सामने आई पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को शक है कि अपहरणकर्ताओं ने अफसर की हत्या कर दी हो सकती है। हालांकि, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने विधानसभा में कहा कि इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें- 'आपकी लगाई आग, आपका ही घर जलाए तो हैरान मत होइए', पाकिस्तानी सेना प्रमुख को अफगानी सांसद की धमकी
उन्होंने कहा कि प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और हर संभव प्रयास जारी है। बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों की गतिविधियों से जूझ रहा है। यहां सरकारी अधिकारियों, सुरक्षा बलों और गैर-बलूच नागरिकों को अक्सर निशाना बनाया जाता है।